
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। चकेरी क्षेत्र की एक महिला उद्यमी ने कारोबारी लेन-देन में 74 लाख रुपये से ज्यादा का भुगतान नहीं मिलने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्वर्ण जयंती विहार निवासी उमा देवी ने बताया कि वह वेद इंटरप्राइजेज की प्रोपराइटर हैं और लोहे के कबाड़ का कारोबार करती हैं। आरोप है कि वर्ष 2020-21 के दौरान उन्होंने हिमांशु अरोड़ा और मनीष अरोड़ा की फर्म को जीएसटी बिलों के तहत 3 करोड़ 24 लाख 57 हजार 487 रुपये का माल सप्लाई किया था।उमा देवी के मुताबिक उन्हें 2 करोड़ 50 लाख 38 हजार 073 रुपये का भुगतान मिला, जबकि 74 लाख 19 हजार 414 रुपये अभी भी बकाया हैं। उन्होंने कई बार भुगतान मांगा, लेकिन आरोप है कि संबंधित पक्ष टालमटोल करता रहा।महिला ने आरोप लगाया कि बकाया रकम मांगने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया। इसके बाद उन्होंने कानूनी नोटिस भेजा, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।