news-details

महिला ने लगाए मारपीट के आरोप, पुलिस ने नकारा

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Hamirpur

हमीरपुर जिले के कुरारा थाना क्षेत्र के डामर गांव की एक महिला ने अपने पति, देवर और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पर मारपीट, अभद्रता और जातिसूचक टिप्पणी करने के आरोप लगाए हैं। महिला ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने प्रारंभिक जांच में आरोपों को निराधार बताया है।

पीड़िता रामजानकी कोरी पत्नी अनिरुद्ध ने शिकायत में बताया कि वह परिवार से अलग रह रही है। उसके अनुसार पति अनिरुद्ध अक्सर शराब के नशे में घर पहुंचकर गाली-गलौज करता है, मारपीट करता है और घर से निकालने की धमकी देता है। महिला ने कहा कि इससे वह लंबे समय से परेशान है।

महिला का आरोप है कि 21 अप्रैल की रात करीब 10 बजे उसका देवर राहुल कुमार और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संजय कुशवाहा उसके घर पहुंचे। वहां उसके साथ बदसलूकी की गई, विरोध करने पर मारपीट की गई और जातिसूचक शब्द कहे गए। महिला ने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

पीड़िता ने आशंका जताई कि यदि उसके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए संबंधित लोग जिम्मेदार होंगे। शिकायत के बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

इस मामले में कुरारा थाना प्रभारी राम आसरे सरोज ने बताया कि पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद चल रहा है। दोनों ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन अब संबंधों में तनाव है। पुलिस के अनुसार ग्राम प्रधान प्रतिनिधि समझौता कराने गया था। थाना प्रभारी ने महिला द्वारा लगाए गए अन्य आरोपों को प्रथम दृष्टया निराधार बताया है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।