
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर जनपद के खड्डा ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा मलहिया में विकास कार्यों की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव का पंचायत भवन अधिकांश समय बंद रहता है, जिससे लोगों को प्रमाण पत्र, योजना संबंधी जानकारी व अन्य जरूरी कार्यों के लिए भटकना पड़ता है।ग्रामीणों ने बताया कि गांव में संचालित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (एचडब्ल्यूसी) भी निर्धारित समय पर नहीं खुलता। आरोप है कि केंद्र सुबह के बजाय लगभग 11 बजे के बाद संचालित होता है, जिससे मरीजों और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।गांव में बना सामुदायिक शौचालय भी बदहाली का शिकार है। ग्रामीणों के अनुसार शौचालय का टैंक भर जाने से उसका उपयोग बंद हो गया है। इससे लोगों को खुले में शौच के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जबकि सरकार स्वच्छता अभियान को लेकर लगातार जागरूकता फैला रही है।वहीं आंगनबाड़ी केंद्र के सामने लगा सरकारी इंडिया मार्का हैंडपंप भी वर्षों से खराब पड़ा है। पाइप खराब होने के कारण ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं कराया गया।ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गांव में कई पात्र परिवार आज तक शौचालय योजना के लाभ से वंचित हैं। उनका कहना है कि सरकारी योजनाएं केवल कागजों तक सीमित दिखाई दे रही हैं, जबकि जमीनी स्तर पर हालात बदतर बने हुए हैं।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा गांव में आवश्यक विकास कार्य कराए जाने की मांग की है।इस संबंध में खड्डा खंड विकास अधिकारी से दूरभाष पर पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी कराई जाएगी तथा जांच के उपरांत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।