
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। गंगा का जलस्तर घटने के बाद मंगलवार को मणिकर्णिका घाट पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के संयोजन में नगर निगम की टीम ने घाट की तलहटी और किनारों से करीब 100 किलो पुराने कपड़े, पॉलिथीन और अन्य कचरा निकाला। सफाई के दौरान एकत्र किए गए कपड़े और कचरा नगर निगम की टीम को सौंप दिया गया। अभियान का उद्देश्य गंगा के जल और पारिस्थितिक तंत्र को प्रदूषण से बचाना रहा। राजेश शुक्ला ने बताया कि बाढ़ के बाद जलस्तर घटने पर घाटों पर गाद, प्लास्टिक और आस्था के नाम पर छोड़े गए पुराने कपड़े बड़ी मात्रा में जमा हो जाते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि स्नान और धार्मिक अनुष्ठान के बाद पुराने कपड़े, पॉलिथीन या पूजन सामग्री गंगा में न डालें। उन्होंने कहा कि गंगा हमारी जीवनदायिनी होने के साथ संस्कृति और पहचान का भी हिस्सा है। इसे स्वच्छ और अविरल बनाए रखने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। श्रमदान के दौरान नगर निगम के स्वच्छता कर्मचारी मौजूद रहे।