
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर।जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार पांडेय ने बताया कि जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम चरण में मई एवं जून 2026 के दौरान जनपद के विभिन्न विकास खंडों में मनरेगा कार्यों का सोशल ऑडिट कराया जाएगा। इस क्रम में विकास खंड फाजिलनगर, कप्तानगंज, मोतीचक, नेबुआ नौरंगिया, सेवरही, तमकुहीराज एवं विशुनपुरा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) से कराए गए कार्यों का सोशल ऑडिट प्रस्तावित है। इसके लिए विस्तृत कैलेंडर पूर्व में जारी किया जा चुका है।जिला विकास अधिकारी ने बताया कि सोशल ऑडिट कार्यक्रम की जानकारी आमजन तक सरल एवं सुगम तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से कैलेंडर का क्यूआर कोड जनरेट किया गया है। निदेशालय स्तर से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में उक्त क्यूआर कोड को विभिन्न प्रचार माध्यमों के जरिए निःशुल्क प्रकाशित कराने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोग आसानी से सोशल ऑडिट कार्यक्रम की जानकारी प्राप्त कर सकें।उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं प्रचार माध्यमों से अपील की है कि जनहित में क्यूआर कोड का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनभागीदारी को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।