news-details

मथुरा के गोकुल में विद्युत तारों में आग, जर्जर लाइनें बनीं खतरे की वजह

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा। गोकुल क्षेत्र में बुधवार देर रात करीब 11 बजे विद्युत तारों में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जर्जर विद्युत लाइनें और लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती इस तरह की घटनाओं का कारण बन रही हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले बिजली लाइन में तेज फॉल्ट हुआ, जिसके बाद चिंगारियां निकलने लगीं। कुछ ही देर में तारों से पटाखों जैसी तेज आवाजें आने लगीं और आग की लपटें उठने लगीं। इस पूरी घटना का वीडियो स्थानीय लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।स्थानीय निवासी नकुल शास्त्री ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से विद्युत व्यवस्था बेहद खराब स्थिति में है। उनके अनुसार, कई बार शिकायतों के बावजूद जर्जर तारों को बदलने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि आए दिन फॉल्ट और बिजली कटौती से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति बाधित होने से पेयजल, पंखे और अन्य जरूरी सुविधाएं भी प्रभावित हो रही हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल जर्जर तारों को बदलने और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।