
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा में नगर निगम की लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां गोवर्धन चौराहे के पास देर शाम एक महिला अपनी तीन साल की बेटी के साथ खुले नाले में गिर गई। गनीमत रही कि समय रहते पुलिस और स्थानीय लोगों ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।घटना कृष्ण विहार, कोतवाली मथुरा निवासी शालू सोनी के साथ हुई। वह अपनी तीन वर्षीय बच्ची को गोद में लेकर गोवर्धन चौराहे के पास टहल रही थीं, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से दोनों खुले नाले में गिर गईं।नाला गहरा होने के कारण मां-बेटी डूबने लगीं और उन्होंने मदद के लिए चीखना शुरू किया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कृष्णा नगर चौकी प्रभारी संजीव सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला।दोनों को मामूली चोटें आई हैं और प्राथमिक उपचार दिया गया है।प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर कुछ मिनट की देरी होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने नगर निगम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है और शहर में खुले पड़े नालों को ढकने की मांग की है।घटना के बाद क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है और लोग सुरक्षा इंतजामों को लेकर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।