
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर देर रात सड़क हादसे में घायल दो युवकों की मदद कर भाजपा विधायक राजेश चौधरी ने मानवता की मिसाल पेश की। हादसे के बाद दोनों युवक गंभीर हालत में सड़क पर पड़े थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे विधायक की नजर उन पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत गाड़ी रुकवाकर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। बाद में दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।घटना मांट थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 91 के पास मंगलवार देर रात हुई। बताया गया कि दो युवक बाइक से आगरा की ओर जा रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े तड़प रहे थे।इसी दौरान नोएडा से लौट रहे विधायक राजेश चौधरी वहां से गुजर रहे थे। घायलों को देखकर उन्होंने तुरंत अपना काफिला रुकवाया। जिस स्थान पर हादसा हुआ वह इलाका काफी सुनसान बताया जा रहा है। विधायक ने बिना देर किए मांट पुलिस और यमुना एक्सप्रेस-वे की एंबुलेंस को फोन कर मौके पर बुलाया।सूचना मिलने के बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में उनकी पहचान टप्पल निवासी सुनील और बुलंदशहर निवासी होराम के रूप में हुई। दोनों किसी काम से आगरा जा रहे थे।विधायक राजेश चौधरी ने कहा कि मानवता और सामाजिक दायित्व सबसे ऊपर हैं। उन्होंने बताया कि घायलों को सुरक्षित सड़क किनारे कर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई, ताकि समय रहते उन्हें इलाज मिल सके और उनकी जान बचाई जा सके। साथ ही उनके परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई।उन्होंने कहा कि जीवन से बढ़कर कुछ नहीं होता और ऐसे समय में हर व्यक्ति का कर्तव्य है कि घायल की मदद करे, क्योंकि थोड़ी सी संवेदनशीलता किसी की जिंदगी बचा सकती है।