news-details

मथुरा में फिल्मी स्टाइल हाईवे चेज़: गौ-तस्करों की गाड़ियां टकराईं, 3 गिरफ्तार

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा के कोसीकलां थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के आगरा-दिल्ली नेशनल हाईवे पर गौ-तस्करों और गौ-रक्षकों के बीच हाई-वोल्टेज पीछा देखने को मिला। इस दौरान टायर फटने और पुलिस की घेराबंदी के कारण तस्करों की गाड़ियां आपस में टकरा गईं। पुलिस ने मौके से तीन अंतरराज्यीय गौ-तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। पिकअप में ठूंसे गए 5 गोवंशों को सुरक्षित मुक्त कराया गया।पीछा उस समय शुरू हुआ जब SPCA मथुरा के सदस्य गौरक्षकों को संदिग्ध पिकअप दिखाई दी। गाड़ी रोकने का इशारा करने पर चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और वहां से भागने लगा। इसके बाद गौरक्षकों ने निजी वाहनों से उसका पीछा शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।छाता क्षेत्र के पास पीछा और भी खतरनाक हो गया, जब आरोपियों ने कथित तौर पर गौ-रक्षकों की गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिश की। आगे चल रही एस्कॉर्ट कार और पिकअप के बीच भी टक्कर हो गई, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।कोसी रेस्टोरेंट के पास पहुंचते ही पिकअप का टायर फट गया। पुलिस की मौजूदगी और पीछा तेज होने पर दो आरोपी चलती गाड़ी से कूदकर घायल हो गए। इसी दौरान एस्कॉर्ट कार में सवार लोग भी भागने लगे, जिनमें से एक पकड़ा गया और दूसरा फरार हो गया।पुलिस ने घायलों को हिरासत में लेकर अस्पताल भेजा और गाड़ी से बंधे 5 गोवंशों को मुक्त कराया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे गोवंश को आगरा के जंगलों से पकड़कर मेवात क्षेत्र में कटान के लिए ले जा रहे थे।पुलिस ने मामले में संगठित तस्करी गिरोह के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।