
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की लिखित परीक्षा सोमवार से शुरू हो गई। परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं।जिले में कुल 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 8, 9 और 10 जून को दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रत्येक पाली में 6,240 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। जिले को 4 जोन और 16 सेक्टर में बांटा गया है, जहां सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीओ स्तर के अधिकारियों और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित हो रही है।सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है, जिसकी लाइव मॉनिटरिंग लखनऊ से भी की जा रही है। इसके साथ ही हर केंद्र पर क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) तैनात की गई है।जिलाधिकारी के निर्देश पर परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ एकत्रित होने पर रोक लगाई गई है। साथ ही फोटोस्टेट और साइबर कैफे की दुकानें भी परीक्षा अवधि में बंद रखी जा रही हैं ताकि किसी तरह की अनियमितता को रोका जा सके।परीक्षा को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है और कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है।प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।