
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा में अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों पर बढ़ते उत्पीड़न और पीड़ित परिवारों को समय पर आर्थिक सहायता न मिलने के विरोध में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने सोमवार को जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। बसपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र कर्दम के नेतृत्व में कार्यकर्ता और पीड़ित परिवार जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दलित समुदाय के लोगों के साथ मारपीट, उत्पीड़न और गंभीर अपराधों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। कई मामलों में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवारों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।बसपा नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता भी पीड़ितों को समय पर नहीं दी जा रही है। उनका कहना है कि थाना बलदेव, महावन, सुरीर, नौहझील और मांट क्षेत्रों के कई मामलों में मुकदमे दर्ज होने के बावजूद पीड़ित परिवार अब भी न्याय और सहायता का इंतजार कर रहे हैं।जिलाध्यक्ष जितेंद्र कर्दम ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की, तो बसपा बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होगी। उन्होंने लंबित मामलों की शीघ्र जांच, दोषियों की गिरफ्तारी और पीड़ितों को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की।प्रदर्शन के दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और पीड़ित परिवार मौजूद रहे।