news-details

मथुरा पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, अचानक बांके बिहारी मंदिर पहुंचकर किए दर्शन

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर मथुरा पहुंचे। पुलिस लाइन हैलीपेड पर उतरने के बाद उनका काफिला अचानक वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर पहुंच गया। यहां उन्होंने भगवान बांके बिहारी के दर्शन कर देश और प्रदेश में सुख-समृद्धि की कामना की।डिप्टी सीएम के जारी प्रोटोकॉल में वृंदावन का कार्यक्रम शामिल नहीं था। उन्हें पुलिस लाइन हैलीपेड से सीधे कलेक्ट्रेट सभागार पहुंचकर अधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करनी थी। लेकिन हैलीपेड पर उतरते ही उन्होंने बांके बिहारी मंदिर जाकर दर्शन करने की इच्छा जताई। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने आनन-फानन में तैयारियां कीं और उनका काफिला वृंदावन रवाना हुआ।वृंदावन पहुंचने पर भाजपा नेताओं ने डिप्टी सीएम का स्वागत किया। नगर अध्यक्ष जितेंद्र वार्ष्णेय रोनू, उमेश दुबे, महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव और महामंत्री कुंजबिहारी चतुर्वेदी सहित कई नेताओं ने उन्हें दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान विधायक पूरण प्रकाश और राजेश चौधरी भी मौजूद रहे।मंदिर पहुंचकर केशव प्रसाद मौर्य ने फूल बंगला में विराजमान ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर की देहरी पर इत्र अर्पित किया। मंदिर के सेवायत गोपी गोस्वामी, ज्ञानेंद्र गोस्वामी और बाल कृष्ण गोस्वामी ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कराया और प्रसादी अंगवस्त्र तथा प्रसाद भेंट किया।मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम ने कहा कि उन्होंने भगवान से प्रार्थना की है कि उन्हें बार-बार दर्शन का अवसर मिलता रहे और देश-प्रदेश के लोगों के जीवन की कठिनाइयां दूर हों।उन्होंने भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के निधन पर भी दुख जताया। उन्होंने कहा कि कम उम्र में इस तरह का निधन बेहद दुखद है और उनकी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं।इसके साथ ही डिप्टी सीएम ने बांके बिहारी मंदिर से जुड़े मामलों में महिलाओं के खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस लेने की बात भी कही।