
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। बैंक ऑफ बड़ौदा वाराणसी अंचल की ओर से आराजीलाईन ब्लॉक के नागेपुर गांव में वित्तीय समावेशन और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 200 से अधिक ग्रामीणों और लाभार्थियों ने हिस्सा लिया। बैंक अधिकारियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। पात्र लाभार्थियों को आरईएससीओ मॉडल के तहत सौर पैनल की निःशुल्क स्थापना का लाभ दिया गया। अधिकारियों ने सौर ऊर्जा से बिजली बिल में संभावित बचत, स्वच्छ ऊर्जा के लाभ तथा सौर पैनल के संचालन की जानकारी दी। साथ ही बैंक की विभिन्न वित्तीय और ऋण योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। इस दौरान पीएम सूर्य घर योजना से जुड़े वेंडर्स के साथ बैठक भी हुई, जिसमें योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और अधिक लाभार्थियों तक पहुंचाने पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में बैंक के राजेश कुमार सिंह, मिथलेश कुमार और शशि गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।