news-details

निष्क्रिय कमेटी को फिर सक्रिय करने की पहल

You can share this post!

कुशीनगर के विकास और पर्यटन सुविधाओं पर मंथन

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर। कुशीनगर की ऐतिहासिक और अंतरराष्ट्रीय पहचान को और मजबूत बनाने के लिए प्रशासन ने पर्यटन विकास की दिशा में पहल तेज कर दी है। सोमवार को कसाडा कार्यालय में टेंपल एरिया मैनेजमेंट कमेटी की बैठक हुई। इसमें लंबे समय से निष्क्रिय पड़ी कमेटी को दोबारा सक्रिय करने, बुद्ध स्थली के विकास और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा हुई।बैठक की अध्यक्षता ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कसया जी अक्षय दीपक ने की। उन्होंने कहा कि कमेटी के गठन का मूल उद्देश्य स्थानीय सहभागिता से टेंपल एरिया का विकास करना था। इसके लिए नियमित बैठकें आयोजित की जाएं और उपलब्ध धनराशि का पारदर्शी एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। पर्यटन सीजन को देखते हुए उन्होंने कुशीनगर के विकास और पर्यटकों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।भंते महेंद्र ने बताया कि प्रशासन की पहल पर गठित इस कमेटी के माध्यम से स्थानीय लोगों के सहयोग से कई विकास कार्य कराए जाते थे। बिड़ला मंदिर के प्रबंधक वीरेंद्र तिवारी ने कुशीनगर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसके अनुरूप विकास की आवश्यकता बताई। निरीक्षक ब्रजेश मणि ने बताया कि टेंपल एरिया में पूर्व में करीब 10 हजार पौधे लगाए गए थे और कई विकास कार्य भी हुए थे। उन्होंने अधूरे कार्यों को पूरा कराने तथा पूर्व में शुरू की गई विकास योजनाओं को गति देने की जरूरत बताई।बैठक में टीके राय, अनुपम पाठक और अंबिकेश त्रिपाठी ने क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे। इनमें सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरे, बिजली-पानी की व्यवस्था, सोडियम लैंप, विक्टोरियन लाइट और बैठने के लिए बेंच लगाने की मांग शामिल रही। बुद्धा थीम पार्क को फिर से चालू कराने का सुझाव भी दिया गया।पर्यटन सूचना अधिकारी प्राण रंजन ने बताया कि पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए सेवानिवृत्त सैनिकों और पर्यटन पुलिस की सेवाएं लगाई गई हैं। इस पर सदस्यों ने पर्यटन पुलिस की ड्यूटी के स्थान निर्धारित करने की मांग उठाई, ताकि पर्यटकों को जरूरत के समय तत्काल सहायता मिल सके।ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने सदस्यों की ओर से उठाई गई समस्याओं के समाधान का अगली बैठक में आश्वासन दिया। तहसीलदार धर्मवीर सिंह ने सभी सदस्यों से आपसी समन्वय और सहयोग बनाए रखने की अपील की। साथ ही कमेटी से अधिक से अधिक गणमान्य नागरिकों को जोड़ने पर सहमति बनी।बैठक में थाई भंते, केशव सिंह, अंबिकेश त्रिपाठी, जेई प्रदीप चौरसिया और लिपिक जितेंद्र कुमार यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।