
पारदर्शी विकास न्यूज़ ललितपुर। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सोनाली जैन ने नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पालिका टीम के साथ वार्ड नंबर 06 स्थित मोहल्ला रामनगर एवं खिरकापुरा क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर (एमआरएफ), सार्वजनिक शौचालय, सुरईघाट शमशान घाट एवं कम्पोजिट यूनिट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत एमआरएफ सेंटर से हुई, जहां नपाध्यक्ष सोनाली जैन ने कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। सभी कर्मचारी मौके पर उपस्थित पाए गए। उन्होंने मटेरियल रिकवरी के लिए संचालित मशीनों को चालू कराकर उनकी कार्यप्रणाली देखी तथा संबंधित ऑपरेटरों को मशीनों के नियमित रखरखाव के निर्देश दिए। इसके साथ ही सेंटर पर तैयार की जा रही सामग्री एवं खड़े वाहनों का भी निरीक्षण किया गया। इसके बाद नपाध्यक्ष ने मोहल्ला खिरकापुरा स्थित सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण किया, जहां कुछ कमियां मिलने पर संबंधित सफाई निरीक्षक को तत्काल सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खिरकापुरा कॉलोनी में स्थानीय नागरिकों से बातचीत करते हुए उन्होंने साफ-सफाई एवं मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। नपाध्यक्ष ने स्वास्थ्य नायक को निर्देश दिए कि क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। सुरईघाट शमशान घाट के निरीक्षण के दौरान सोनाली जैन ने वहां लगी हाईमास्ट लाइट, पानी की टंकी एवं नलों की व्यवस्था का जायजा लिया। सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित पाई गईं। उन्होंने अर्थी चबूतरे के विस्तार, पेड़ों की छंटाई एवं साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। शमशान घाट के पीछे बने कम्पोजिट यूनिट का निरीक्षण करते हुए नपाध्यक्ष ने खाद निर्माण कार्य को भी देखा। मौके पर खाद तैयार होती पाए जाने पर उन्होंने कार्य की सराहना की तथा इसे और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान चिन्हित सभी कमियों का तत्काल निस्तारण कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष प्रतिनिधि मुन्नालाल जैन, पार्षद प्रतिनिधि अमरदीप रजक, प्रभारी सफाई निरीक्षक महेंद्र सिंह यादव, वरिष्ठ लिपिक हबीब खान, डीपीएम दीपक कुमार, नजूल लिपिक सुधीर रावत, हेड सुपरवाइजर संजय कुमार, गैरिज प्रभारी अमित कुमार रिंकू सहित पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।