news-details

नगर निगम के राजस्व विभाग में लगी आग,अहम दस्तावेजों पर संकट

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर नगर निगम मुख्यालय के द्वितीय तल स्थित राजस्व विभाग में गुरुवार शाम अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। आग लगते ही पूरे भवन में धुआं फैल गया, जिससे कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों में अफरातफरी मच गई। सुरक्षा को देखते हुए कर्मचारियों को तत्काल बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। नगर निगम परिसर में भारी धुआं भर जाने के कारण दमकल कर्मियों को राहत कार्य में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। फायर टीम ने क्रेन और हाई प्रेशर वाटर जेट की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग राजस्व विभाग के कार्यालय में लगी, जहां बड़ी संख्या में सरकारी फाइलें और अभिलेख रखे हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि आग की चपेट में आने से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज प्रभावित हुए हैं। हालांकि, आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन अभी नहीं हो सका है। अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान की सही जानकारी सामने आएगी।घटना की जानकारी मिलते ही महापौर प्रमिला पांडेय नगर निगम मुख्यालय पहुंचीं और अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि आग लगने के समय कार्यालय में कर्मचारी मौजूद थे, लेकिन सभी सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि धुआं अधिक होने के कारण अभी सभी स्थानों की जांच नहीं हो पाई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक दो अलमारियों में रखी फाइलें जलने की बात सामने आई है।महापौर ने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।वहीं, पार्षद विकास जायसवाल ने आग की घटना पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि नगर निगम जैसे महत्वपूर्ण कार्यालय में दिन के समय आग लगना गंभीर विषय है। उन्होंने यह भी मांग की कि हाल ही में जिन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और ऑडिट फाइलों की जांच के निर्देश दिए गए थे, उनकी भी जांच की जाए कि कहीं संबंधित दस्तावेज आग में प्रभावित तो नहीं हुए।फिलहाल प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था और दस्तावेजों की स्थिति की भी विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

नगर निगम मुख्यालय में लगी आग बेहद गंभीर और चिंताजनक घटना है। यह केवल आगजनी का मामला नहीं, बल्कि महत्वपूर्ण सरकारी अभिलेखों की सुरक्षा से जुड़ा विषय भी है। जिस स्थान पर आग लगी, वहां कई महत्वपूर्ण फाइलें और दस्तावेज रखे जाते हैं, इसलिए इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए। हाल ही में जिन विभागीय मामलों और ऑडिट फाइलों की जांच के निर्देश दिए गए थे, यह भी स्पष्ट किया जाए कि उनसे संबंधित कोई दस्तावेज इस आग में प्रभावित तो नहीं हुए। यदि किसी प्रकार की लापरवाही, साजिश या साक्ष्य नष्ट करने की कोशिश सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। जनता को पूरी सच्चाई बताना प्रशासन की जिम्मेदारी है, ताकि नगर निगम की कार्यप्रणाली पर लोगों का विश्वास बना रहे। — विकास जायसवाल, पार्षद