
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुलतानपुर। आगामी नवरात्रि, दुर्गापूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने संयुक्त रूप से अध्यक्षता की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पूजा समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।जिलाधिकारी ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्गा पूजा पंडालों और रामलीला स्थलों पर अग्निशमन, विद्युत सुरक्षा, प्रवेश-निकास मार्ग, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। ध्वनि विस्तारक यंत्रों और डीजे की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए। मूर्ति विसर्जन स्थलों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम और मेडिकल एंबुलेंस के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाने पर भी जोर दिया गया।डीएम ने स्पष्ट किया कि पर्वों के दृष्टिगत अधिकारियों और कर्मचारियों को अवकाश नहीं दिया जाएगा। एसपी ने पुलिस अधिकारियों को नियमित भ्रमण, पूजा समितियों से संवाद और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।