
पारदर्शी विकास न्यूज़ अयोध्या। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 के रामसनेही घाट-अयोध्या खंड पर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए एनएचएआई ने बड़ा कदम उठाया है। करीब 190 करोड़ रुपये की लागत से पांच नए अंडरपास बनाए जाएंगे। एनएचएआई के अनुसार अर्कुना, रानीमऊ, कुढ़ा सादात, भेलसर और सट्टी चौराहा पर अंडरपास निर्माण प्रस्तावित है। ये सभी स्थान पहले ब्लैकस्पॉट घोषित किए जा चुके हैं, जहां लगातार सड़क हादसे होते रहे हैं।अधिकारियों ने बताया कि अंडरपास बनने से हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों और स्थानीय आवागमन को अलग किया जा सकेगा, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यातायात अधिक सुरक्षित होगा।इस परियोजना से ग्रामीणों और किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें खेतों और अन्य स्थानों तक जाने के लिए हाईवे पार करने का जोखिम नहीं उठाना पड़ेगा। बच्चों की स्कूल यात्रा भी सुरक्षित हो जाएगी।एनएचएआई के परियोजना निदेशक अवनीश सिद्धार्थ ने बताया कि निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम व सुरक्षित हो जाएगी।