
पारदर्शी विकास न्यूज़, औरैया। कोतवाली औरैया पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मिहौली पुल के पास हुई चेन स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से देशी तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल और 15,150 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार 30 जुलाई को हजरतपुर निवासी रघुनन्दन सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मिहौली पुल के पास बाइक सवार दो युवकों ने उनकी बहन के गले से चेन झपट ली थी। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीमें लगातार संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थीं।इसी दौरान देवकली तिराहे पर बिना नंबर प्लेट की अपाचे सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन बाइक फिसलने के बाद ज्ञानेन्द्र उर्फ साहिल को पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।पूछताछ में आरोपी ने मिहौली के अलावा बांदा और जालौन में भी चेन स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक लूटी गई चेन बेचने से मिले पैसों से आरोपी ने अपाचे बाइक खरीदी थी।पुलिस फरार साथी की तलाश के साथ आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।