
PARDARSHI VIKASH NEWS औरैया के कुदरकोट थाना क्षेत्र में रविवार सुबह खेत की जुताई के दौरान एक दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई। रामपुर खास मजरा टीला निवासी सुरजीत यादव उर्फ पुता खेत में ट्रैक्टर से जुताई का काम कर रहे थे। बताया गया कि धान की रोपाई की तैयारी के लिए ट्रैक्टर के पीछे रोटावेटर लगाया गया था और वह खेत जोत रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे ट्रैक्टर के नीचे गिर पड़े।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गिरते ही सुरजीत रोटावेटर की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद खेत में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।परिजनों ने बताया कि सुरजीत अविवाहित थे और दो भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं गांव में भी शोक की लहर है। पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।