news-details

ओवरब्रिज बंद हुआ और थम गई रफ्तार

You can share this post!


घाटमपुर में 16 घंटे से हाईवे पर लगा महाजाम

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर-सागर हाईवे पर स्थित घाटमपुर ओवरब्रिज की मरम्मत के चलते 21 जून से 30 जून तक आवागमन बंद किए जाने का असर पहले ही दिन देखने को मिला। ओवरब्रिज पर यातायात रोकते ही हाईवे का पूरा ट्रैफिक सर्विस लेन पर डायवर्ट कर दिया गया, जिसके कारण घाटमपुर नगर और हाईवे पर भीषण जाम की स्थिति बन गई। सोमवार को भी हालात सामान्य नहीं हो सके और करीब 16 घंटे से वाहन जाम में फंसे रहे। घाटमपुर चौराहे से हाईवे के दोनों ओर लगभग 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कानपुर की ओर घाटमपुर से जहानगीराबाद तक और हमीरपुर की तरफ स्योदी ललईपुर तक ट्रक, बस, कार और अन्य छोटे-बड़े वाहन रेंगते नजर आए। यात्रियों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा।सोमवार दोपहर हांगीराबाद गांव के पास एक डंपर खराब होने से जाम की समस्या और बढ़ गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से डंपर को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराने का प्रयास किया। इसके बावजूद वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी।ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी डायवर्जन प्लान के तहत हमीरपुर की ओर से कानपुर जाने वाले भारी वाहनों को सर्विस लेन से निकाला जा रहा है। वहीं कानपुर की ओर से आने वाले वाहनों को भी इसी रास्ते से गुजारा जा रहा है। लेकिन सर्विस लेन की चौड़ाई कम होने और एक साथ बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने से यातायात व्यवस्था बिगड़ गई।जाम का असर घाटमपुर नगर के मुख्य चौराहे, स्टेशन रोड और आसपास के संपर्क मार्गों तक पहुंच गया। बाजार क्षेत्र में भी वाहनों की लंबी कतारें लगने से स्थानीय लोगों और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। व्यापारियों का कहना है कि जाम के कारण ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हुई है और कारोबार पर भी असर पड़ रहा है।स्थानीय लोगों ने बताया कि ओवरब्रिज बंद होने की सूचना पहले से थी, लेकिन ट्रैफिक संभालने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। भारी वाहनों के दबाव से सर्विस लेन पर अव्यवस्था फैल गई और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया।भीषण गर्मी और उमस के बीच जाम में फंसे यात्रियों की हालत खराब रही। बसों और निजी वाहनों में बैठे लोग घंटों इंतजार करते रहे। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी।घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस के साथ स्थानीय पुलिस भी यातायात व्यवस्था सुधारने में लगी हुई है। ओवरब्रिज पर वाहनों का आवागमन बंद होने से जाम की स्थिति बनी है। पुलिस लगातार वाहनों को डायवर्ट कर यातायात सामान्य कराने का प्रयास कर रही है।

ट्रैफिक पुलिस के साथ स्थानीय पुलिस भी यातयात बहाल कराने में लगाई गई है। ओवरब्रिज पर वाहनों का आवागमन बंद होने से जाम के हालात बन गए है।-घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत