news-details

पाइपलाइन बिछाने में आ रही पत्थर की बाधा

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Lalitpur

शहर के वार्ड नंबर 8 स्थित जुगपुरा मोहल्ले में पाइपलाइन बिछाने का कार्य बीच में रुक जाने से करीब एक दर्जन परिवारों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। माँ अहिल्याबाई बालिका इंटर कॉलेज के पीछे पाइपलाइन डालने का काम अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है। मोहल्लेवासियों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर बताया कि क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा था, लेकिन एक स्थान पर पहुंचते ही काम रोक दिया गया। आरोप है कि सड़क के बीचोंबीच करीब दो से ढाई फीट ऊंचा पत्थर का टुकड़ा आड़े आ रहा है, जिसे हटाने के बजाय कार्य रोक दिया गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच उन्हें पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। कई परिवार दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी कार्यालय से अधिशासी अभियंता (नगरीय) को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अब मोहल्लेवासियों को उम्मीद है कि जल्द ही बाधा हटाकर पाइपलाइन का कार्य पूरा कराया जाएगा और उन्हें पानी की समस्या से राहत मिलेगी।