news-details

पंजाब कांग्रेस में बढ़ी अंदरूनी कलह, चन्नी ने बुलाई आपात बैठक

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस में विधानसभा चुनाव से पहले अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है। गुरदासपुर से कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा के दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करने की खबरों ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। इस दौरान उनके साथ भाजपा के राज्यसभा सांसद तरुण चुघ भी नजर आए, जिसके बाद रंधावा के भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।उधर, कांग्रेस हाईकमान द्वारा अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष पद पर बरकरार रखने से नाराज पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने मोरिंडा स्थित आवास पर समर्थक नेताओं की आपात बैठक बुलाई। बैठक में तीन मौजूदा विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक और कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल हुए। माना जा रहा है कि चन्नी अपने समर्थकों के साथ आगे की रणनीति पर विचार कर रहे हैं।कांग्रेस हाईकमान ने राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष बनाए रखा है, जबकि चन्नी को चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। बताया जा रहा है कि इस फैसले से चन्नी संतुष्ट नहीं हैं। उनके करीबी नेताओं का कहना है कि वह प्रदेश अध्यक्ष पद नहीं मिलने से नाराज हैं और पार्टी नेतृत्व को अपनी राजनीतिक ताकत दिखाना चाहते हैं।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चन्नी की प्राथमिक मांग या तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की है या फिर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए उन्हें मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया जाए। उनका तर्क है कि यदि पार्टी चुनाव जीतती है तो नेतृत्व का श्रेय प्रदेश अध्यक्ष को मिलता है, जिससे मुख्यमंत्री पद की दावेदारी भी मजबूत होती है।विशेषज्ञों का यह भी मानना है कि यदि चन्नी की दोनों मांगें नहीं मानी जातीं, तो वे अपने समर्थकों के साथ अलग राजनीतिक रास्ता चुन सकते हैं। हालांकि, कांग्रेस की ओर से फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। फरवरी 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले यह घटनाक्रम कांग्रेस के लिए नई चुनौती माना जा रहा है।