
पारदर्शी विकास न्यूज़, खड्डा (कुशीनगर)। बंजारीपट्टी पुल के निर्माण कार्य के चलते क्षेत्र की करीब 20 हजार आबादी के सामने आवागमन का संकट खड़ा हो गया है। बिना वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था किए रास्ता बंद होने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इस समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी ने प्रशासन से तत्काल वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराने की मांग की है। सपा नेता एवं पूर्व छात्रनेता विवेक ओझा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी खड्डा को ज्ञापन सौंपा। ब्लॉक अध्यक्ष सरतेज यादव के लेटरहेड पर दिए गए ज्ञापन में रामपुर गोनहा, सोनबरसा, चमरडीहा और बंजारीपट्टी सहित आसपास के गांवों की समस्या उठाई गई।प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि पुल निर्माण के दौरान सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए। साथ ही बिना वैकल्पिक रास्ते के आवागमन बाधित करने के मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार की जवाबदेही तय की जाए।विवेक ओझा ने कहा कि पुल निर्माण विकास के लिए जरूरी है, लेकिन जनता की सुविधा और सुरक्षा की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द वैकल्पिक मार्ग नहीं बनाया गया तो क्षेत्रीय जनता के साथ व्यापक आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान विजय प्रताप कुशवाहा, मनोज गुप्ता, रमेश गुप्ता, संजय यादव, योगेंद्र यादव, सुनील यादव सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।