news-details

पुलिस कमिश्नर पहुंची आरोपी पत्नी

You can share this post!

बोली- तलाक के लिए रची गई साजिश

पारदर्शी  विकास न्यूज़ कानपुर। रावतपुर में ससुराल पक्ष को चाय में स्लो पॉइजन देने के आरोपों के बीच गुरुवार को मामले ने नया मोड़ ले लिया। आरोपी महिला ज्योति अपने भाई के साथ पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची और खुद को निर्दोष बताते हुए पति पर साजिश रचने का आरोप लगाया। महिला का कहना है कि पति का बेंगलुरु की एक युवती से संबंध है और तलाक लेने के उद्देश्य से उसे झूठे मामले में फंसाया गया है। पुलिस कमिश्नर से मुलाकात के दौरान ज्योति ने तंत्र-मंत्र से जुड़ी सोशल मीडिया रील्स दिखाते हुए दावा किया कि पति ही उसे ऐसी वीडियो दिखाता था और एक पुड़िया देकर चाय में मिलाने के लिए कहता था। उसके अनुसार, पुड़िया में हल्दी, लौंग और अन्य सामग्री थी, जिसे पति ने यह कहकर दिया था कि इससे उसकी मां का व्यवहार उसके प्रति अच्छा हो जाएगा। महिला ने कहा कि उसने कभी किसी को जहर नहीं दिया। ज्योति ने आरोप लगाया कि पति ने पहले से योजना बनाकर रसोई में हिडन कैमरा लगवाया और कई दिनों तक उसकी रिकॉर्डिंग की। इसके बाद उसे बदनाम कर घर से निकाल दिया गया। महिला का यह भी आरोप है कि पति उसकी पूरी सैलरी अपने पास रखता था और विरोध करने पर उसके बैंक खाते से पैसे ट्रांसफर कर लेता था। उसने कॉल डिटेल, बैंक रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की।महिला ने अपनी सास पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनसे कुछ ऐसे कार्य करने का दबाव बनाया जाता था, जिसे उसने स्वीकार नहीं किया। वहीं, उसके भाई ने दहेज और अतिरिक्त धन की मांग का आरोप लगाया।दूसरी ओर, इस मामले में पति हिमांशु गुप्ता और उसके परिजनों ने पहले आरोप लगाया था कि ज्योति लंबे समय से चाय में संदिग्ध पदार्थ मिला रही थी, जिसके कारण परिवार के कई सदस्य बीमार पड़ गए। उनका दावा है कि घर में लगाए गए कैमरे की रिकॉर्डिंग में महिला कई बार चाय में कोई पदार्थ मिलाती हुई दिखाई दी।पुलिस कमिश्नर ने दोनों पक्षों के दावों को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों, दस्तावेजों, सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

मैं पूरी तरह निर्दोष हूं। मैंने कभी अपने पति या ससुराल वालों की चाय में कोई जहर नहीं मिलाया। मेरे पति ने ही मुझे एक पुड़िया दी थी और कहा था कि इसमें हल्दी, लौंग सहित कुछ सामग्री है, जिसे चाय में मिलाने से उनकी मां का व्यवहार मेरे प्रति अच्छा हो जाएगा। उन्होंने ही मुझे तंत्र-मंत्र से जुड़ी सोशल मीडिया रील्स दिखाई थीं। अब मुझे झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। मेरे पति का दूसरी महिला से संबंध है और तलाक लेने की मंशा से उन्होंने मेरे खिलाफ साजिश रची है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।-ज्योति