
PARDARSHI VIKASH NEWS हरियाणा के करनाल में एक पालतू फीमेल लैब्राडोर ने अपने मालिक की जान बचाने के लिए ब्लैक कोबरा से भिड़कर अपनी जान कुर्बान कर दी। रविवार शाम घर में कोबरा घुसते ही डॉग 'जिम्मी' उस पर टूट पड़ी। करीब 25 सेकेंड तक चली इस भिड़ंत में कोबरा ने जिम्मी के मुंह और पंजे पर कई बार डंक मारे, लेकिन वह पीछे नहीं हटी। सांप को रोकने के बाद कुछ ही मिनटों में जहर फैलने से उसकी मौत हो गई।घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। मालिक और डॉक्टर सुमित ठाकुर ने बताया कि अगर जिम्मी सांप से नहीं भिड़ती तो कोबरा घर के अंदर घुस सकता था और बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद स्नेकमैन को बुलाकर कोबरा को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।सुमित ठाकुर ने बताया कि करीब नौ साल पहले जिम्मी और मैक्स को घर लाया गया था। दोनों परिवार का हिस्सा बन चुके थे और घर की सुरक्षा भी करते थे। जिम्मी की मौत के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है।