news-details

पानी से भरे टब में डूबने से 2 साल की बच्ची की मौत

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। इटौंजा क्षेत्र के महोना नगर पंचायत वार्ड संख्या-8 में ननिहाल आई 2 साल की बच्ची की पानी से भरे टब में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, महोना निवासी सफीक खान की नातिन शिवरा अपने ननिहाल आई हुई थी। शुक्रवार रात घर के बच्चे आंगन में खेल रहे थे। इसी दौरान खेलते-खेलते शिवरा घर के अंदर चली गई और वहां रखे पानी से भरे टब में गिर गई।बताया गया कि टब में पानी ऊपर तक भरा हुआ था और बच्ची औंधे मुंह गिरने के बाद खुद को संभाल नहीं सकी। काफी देर तक बच्ची दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह टब में उतराती हुई मिली।परिजन आनन-फानन में बच्ची को बख्शी का तालाब स्थित रामसागर मिश्र 100 शैय्या अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्ची की मौत हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलने पर बच्ची के पिता शानू भी महोना पहुंचे। मासूम की मौत से नाना सफीक खान और नानी सदमे में हैं। वहीं आसपास के लोग भी परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।इटौंजा इंस्पेक्टर सोबरन सिंह ने बताया कि घटना की सूचना थाने पर नहीं दी गई है। जानकारी मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।