news-details

प्रेमिका से शादी की जिद में 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद। कायमगंज नगर में प्रेमिका से शादी की जिद को लेकर एक युवक ने हाईवोल्टेज ड्रामा कर दिया। युवक करीब 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और प्रेमिका को बुलाने की मांग करने लगा। करीब 6 घंटे तक युवक टावर पर बैठा रहा, जिसके बाद पुलिस के समझाने पर वह नीचे उतरा।घटना के दौरान टावर के नीचे बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे फर्रुखाबाद-कायमगंज मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। बस, ट्रक और अन्य वाहन करीब 15 मिनट तक फंसे रहे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया।युवक की पहचान उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी चंदन शेखावत (30) के रूप में हुई है। वह कायमगंज में एक सर्राफा व्यापारी के यहां काम करता था। युवक ने बताया कि वहीं काम के दौरान उसकी मुलाकात एक महिला से हुई और दोनों के बीच संबंध बन गए।चंदन का दावा है कि वह महिला के साथ कुछ समय तक रहा, लेकिन बाद में महिला अपने पति के साथ गाजियाबाद चली गई। युवक उसी से शादी करने की जिद कर रहा था।बताया गया कि महिला की उम्र करीब 50 साल है और वह चार बच्चों की मां है। युवक का कहना था कि वह अब भी उसी के साथ रहना चाहता है।युवक ने खुद डायल-112 पर फोन कर टावर पर चढ़ने की सूचना दी। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी देर तक समझाने के बाद युवक ने नीचे उतरने की बात मानी।प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। महिला से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है।