news-details

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के अंडरपास के दोनों तरफ बनेंगी रंबल स्ट्रिप

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ सुलतानपुर। नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने, यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने यूपीडा अधिकारियों से दुर्घटनाओं की जानकारी लेते हुए कंट्रोल रूम से मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर जरूरी स्थानों पर हूटर बजाकर वाहन चालकों को सावधान करने को कहा। एक्सप्रेस-वे के सभी अंडरपास का निरीक्षण कर फोटो सहित रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। प्रत्येक अंडरपास के दोनों तरफ रंबल स्ट्रिप बनाने को कहा गया, जिससे वाहनों की गति नियंत्रित हो सके।जिले के चिन्हित आठ ब्लैक स्पॉट का स्थलीय निरीक्षण कर तीन सप्ताह के भीतर सुधारात्मक कार्य पूरा करने का निर्देश एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग को दिया गया। तब तक ब्लैक स्पॉट पर चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर, रेडियम साइनेज, रंबल स्ट्रिप, व्हाइट लाइन मार्किंग और टेबल-टॉप स्पीड ब्रेकर लगाने को कहा गया।बारिश के बाद सड़कों पर हुए गड्ढों की मरम्मत, सड़क निर्माण संस्थाओं के साइन बोर्ड और मार्किंग की जांच तथा अवैध कट बंद कराने के भी निर्देश दिए गए। सड़क किनारे घूमने वाले गोवंशों को हटाने की कार्रवाई से भी अवगत कराने को कहा गया।बैठक में मंडी सचिव और अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने और मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।स्कूल बसों, यात्री और वाणिज्यिक वाहनों की नियमित फिटनेस जांच कराने तथा बिना फिटनेस और ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि 15 वर्ष से अधिक पुराने अथवा पंजीकरण समाप्त वाहनों का विद्यालयों में किसी भी स्थिति में संचालन न किया जाए।इसके अलावा एंबुलेंस, ट्रॉमा सुविधाओं और क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित करने, संपर्क नंबर अपडेट रखने, अवैध होर्डिंग हटाने और प्रमुख चौराहों पर प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। इसके लिए बैनर, फ्लेक्स, डिजिटल माध्यम और सोशल मीडिया के जरिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए