
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ/सुल्तानपुर। बुधवार को भारतीय वायुसेना पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की एयरस्ट्रिप पर बड़ा युद्धाभ्यास कर रही है। करीब 3.2 किलोमीटर लंबी इस स्ट्रिप पर सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000, जगुआर और तेजस जैसे फाइटर जेट्स के साथ सी-295 और एएन-32 जैसे परिवहन विमान हिस्सा ले रहे हैं।इस अभ्यास का मकसद आपातकाल की स्थिति में हाईवे को रनवे के तौर पर इस्तेमाल करने की तैयारी को परखना है। सुरक्षा के लिहाज से एक्सप्रेस-वे के 12 किलोमीटर हिस्से को बंद कर दिया गया है और ट्रैफिक को 1 मई तक डायवर्ट किया गया है।एयर शो दो चरणों में हो रहा है। दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक और फिर शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक विमानों के करतब दिखाए जा रहे हैं। इस दौरान फाइटर जेट्स ‘टच एंड गो’ ड्रिल कर रहे हैं, वहीं एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर से स्पेशल फोर्सेस की स्लिदरिंग एक्सरसाइज भी हो रही है।यह एयरस्ट्रिप खास तौर पर भारी लड़ाकू विमानों के लिए बनाई गई है, जिसकी मोटाई 320 मिमी है। युद्ध के समय यह हाईवे वायुसेना के लिए बैकअप रनवे का काम करता है, ताकि जरूरत पड़ने पर यहां से भी ऑपरेशन जारी रखे जा सकें।इस एयर शो को देखने के लिए स्थानीय लोग बड़ी संख्या में छतों और खुले स्थानों पर जुटे। बता दें कि इस एयरस्ट्रिप का उद्घाटन 16 नवंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था, और इससे पहले भी यहां कई बार ऐसे अभ्यास हो चुके हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बुधवार को दोपहर 2 बजे लड़ाकू विमानों का एयर शो शुरू हो गया है। सबसे पहले वायु सेना के C295 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट ने एक्सप्रेस-वे पर बने रनवे पर लैंडिंग की फिर जगुआर ने उड़ान भरी।सुखोई, मिराज और तेजस के 9 फाइटर जेट्स ने टेकऑफ और लैंडिंग की। शो देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी है। 6 घंटे चलने वाले एयर शो के लिए 5 किलोमीटर का एरिया सील कर दिया गया है। इससे पहले जून 2023 में 4 घंटे यह अभ्यास चला था।16 नवंबर 2021 को PM मोदी ने सुल्तानपुर से ही पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का इनॉगरेशन किया था। PM मोदी एयरफोर्स के हरक्युलिस जहाज से एयर स्ट्रिप पर उतरे थे।लखनऊ से गाजीपुर तक बने 341 किमी लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की लागत 22,494.66 करोड़ रुपए है। अक्टूबर, 2018 से इसका निर्माण शुरू हुआ था, जो सितंबर 2021 में बनकर कंप्लीट हुआ। यह एअर शो कूरेभार थाना क्षेत्र के अन्तर्गत अरवल कीरी करवत में चल रहा है । जिले के प्रभारी मंत्री और पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने एअर शो का स्वागत किया है।डी एम इन्द्र जीत सिंह,एस डी एम सदर विपिन द्विवेदी,एस डी एम लम्भुआ प्रीति जैन के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि शिवकुमार सिंह, विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, राजेश गौतम आदि एअर शो के समय उपस्थित रहे।