news-details

पेट्रोल पंप पर आधी रात का बवाल

You can share this post!

पथराव से मचा हड़कंप, एसोसिएशन ने मांगी सख्त कार्रवाई

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। यशोदा नगर स्थित एसआरडी पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर हुई पथराव की घटना को लेकर पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि 23 जून की रात करीब 12 बजे कुछ लोग कार में ईंधन भरवाने के बाद पैसे मांगने पर कर्मचारियों से विवाद करने लगे। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने पेट्रोल पंप पर पथराव कर दिया।पथराव में पेट्रोल पंप के कर्मचारी घायल हो गए और मशीनों समेत अन्य सामान को नुकसान पहुंचा। एसोसिएशन ने कहा कि पेट्रोल और डीजल अत्यंत ज्वलनशील पदार्थ होते हैं। ऐसे में मशीनों पर पथराव से आग लगने की स्थिति बन सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त से मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पेट्रोल पंप संचालकों व कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। पुलिस आयुक्त ने मामले को गंभीरता से सुनते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।एसोसिएशन अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया कि पेट्रोल पंपों पर इस तरह की घटनाएं कर्मचारियों और आम लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की मांग की।प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील शरण गर्ग, बसंत महेश्वरी, महामंत्री मोहन मिश्रा, कोषाध्यक्ष प्रभाकर बाजपेयी, नवीन गुप्ता, अमित यादव और बिराज भाटिया समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

"पेट्रोल पंप पर हुई घटना बेहद गंभीर है। पेट्रोल-डीजल जैसे ज्वलनशील पदार्थों के बीच पथराव से बड़ा हादसा हो सकता था। कर्मचारियों की सुरक्षा और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बेहद जरूरी है। हमने पुलिस आयुक्त से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और पेट्रोल पंप संचालक व कर्मचारी सुरक्षित माहौल में काम कर सकें।"-संजय गुप्ता