
पारदर्शी विकास न्यूज़ महोबा। मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत महोबा पुलिस द्वारा संचालित परिवार परामर्श केंद्र के प्रयासों से दो परिवारों में फिर से खुशियां लौट आईं। पुलिस लाइन स्थित सभाकक्ष में आयोजित परिवार परामर्श कार्यक्रम में पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवादों की सुनवाई कर काउंसिलिंग की गई। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी महिला थाना उपनिरीक्षक निकिता शुक्ला ने की। इस दौरान 13 दंपत्तियों के मामलों की गहन काउंसिलिंग की गई। दोनों पक्षों की समस्याओं को सुनकर उन्हें समझाइश और संवेदनशील परामर्श दिया गया।काउंसिलिंग के सकारात्मक परिणाम सामने आए और दो दंपत्ति आपसी सहमति से पुनः साथ रहने को तैयार हो गए। वहीं शेष मामलों को अगली तिथि पर पुनः परामर्श के लिए बुलाया गया है।परिवार परामर्श केंद्र के इस प्रयास की प्रभावित परिवारों और उनके परिजनों ने सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों के साथ परिवार परामर्श समिति के सदस्य एवं काउंसलर भी मौजूद रहे।