
पारदर्शी विकास न्यूज़, कुशीनगर। दीपावली पर पटाखा दुकानों के संचालन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जी. अक्षय दीपक ने लीलावती स्टेडियम का निरीक्षण कर निर्धारित स्थल और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि पटाखा दुकानें केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही लगाई जाएंगी। बिना अनुमति दुकान लगाने की छूट नहीं होगी। दुकानों के बीच कम से कम तीन फीट की दूरी रखना अनिवार्य होगा, ताकि आग फैलने का खतरा कम रहे और लोगों के आवागमन में बाधा न आए।उन्होंने प्रत्येक दुकान पर अग्निशमन उपकरण, फायर सिलेंडर और बालू से भरी बाल्टियां रखने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को दुकान आवंटन से लेकर संचालन तक सभी नियमों का पालन कराने, भीड़ नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया। इस मौके पर कसया थानाध्यक्ष इत्यानंद पांडेय सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।