
Pardarshi Vikas News Lalitpur
मड़ावरा थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या कर शव जलाने वाले आरोपी पति को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। जंगल में जली हुई महिला का शव मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें मृतका की पहचान आरती (25) निवासी ग्राम सौल्दा, थाना मदनपुर के रूप में हुई। मृतका के पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक के निर्देशन में तीन टीमें गठित की गईं। सर्विलांस और मैनुअल जांच के आधार पर आरोपी पति रामगोपाल सहरिया (33) को दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि पत्नी के प्रेम प्रसंग के शक में वह नाराज था। 1 अप्रैल को इलाज के बहाने उसे सौरई के जंगल ले जाकर विवाद के दौरान गला दबाकर हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव जला दिया। पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने झूठी सूचना भी दी थी। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।