
PARDARSHI VIKASH NEWS मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के किशनपुर गांव में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 35 वर्षीय बलराम सिंह कुशवाहा ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी रविता कुशवाहा और दो मासूम बेटों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी, फिर गांव से कुछ दूरी पर स्थित शिकारपुर रेलवे फाटक पहुंचकर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह पड़ोसियों ने घर का मुख्य गेट बाहर से बंद देखा। शक होने पर बाउंड्री के ऊपर से झांककर देखा तो आंगन में महिला और दोनों बच्चों के शव पड़े मिले, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के अनुसार, हमले में 32 वर्षीय रविता और उनके 8 वर्षीय बेटे आरव तथा 5 वर्षीय बेटे देबू की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बलराम बेंगलुरु में मार्बल घिसाई का काम करता था और करीब एक माह पहले गांव लौटा था। पुलिस के अनुसार, पत्नी के एक धार्मिक कार्यक्रम में डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया के जरिए उसके पास पहुंचा था, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी तनाव के चलते यह वारदात हुई। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।