
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के सलेमपुर स्थित प्लांट में गुरुवार को वाहन चालकों ने कंपनी अधिकारियों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।यह मामला उन्नाव से चकेरी तक बन रही रिंग रोड परियोजना से जुड़ा है, जहां कार्यरत डंपर चालक बुधवार शाम से हड़ताल पर हैं। चालकों का आरोप है कि कंपनी के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा विरोध करने पर बाहरी लोगों को बुलाकर धमकाया गया।चालकों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी उन पर दोबारा हमला किया गया और उनकी सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। साथ ही उन्होंने बकाया मजदूरी का भुगतान न मिलने की भी बात कही है।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। महाराजपुर इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।