news-details

राहुल गांधी-अखिलेश यादव के पुतले फूंके, भाजपा ने महिला विरोधी बताया विपक्ष

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Jhansi

महिला आरक्षण बिल को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया। भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए राहुल गांधी और अखिलेश यादव के पुतले फूंके। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा, महिला कार्यकर्ता और भाजपा समर्थक शामिल हुए।

कार्यकर्ता झंडे-बैनर लेकर बीकेडी चौराहे पहुंचे, जहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए विपक्ष पर महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। “महिला विरोधी दल होश में आओ” और “नारी सम्मान का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को राजनीति में उचित प्रतिनिधित्व देने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन विपक्ष महिला आरक्षण के मुद्दे पर स्पष्ट समर्थन नहीं दे रहा।

इसके बाद कार्यकर्ताओं ने दो पुतले चौराहे पर रखे। एक पुतले पर समाजवादी पार्टी का झंडा और अखिलेश यादव की तस्वीर लगाई गई, जबकि दूसरे पर कांग्रेस का झंडा और राहुल गांधी की तस्वीर लगाई गई थी। कुछ देर बाद दोनों पुतलों को आग के हवाले कर दिया गया। इस दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा और लोगों की भीड़ जुट गई।

प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए यातायात को सुचारू कराया। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने भी विरोध प्रदर्शन में सक्रिय भागीदारी निभाई और कहा कि महिलाओं के सम्मान के मुद्दे पर राजनीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कार्यक्रम में भाजपा की चित्रा सिंह, कविता शर्मा, देवेंद्र दुबे, रानू देवलिया समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि महिला आरक्षण का मुद्दा आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में और तेजी ला सकता है।