राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को रविंद्रनगर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदेश उपाध्यक्ष अमिता गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ कथित धक्का-मुक्की के मामले में नाराजगी जताते हुए राहुल गांधी से देश की महिलाओं से माफी मांगने की मांग की।प्रदेश उपाध्यक्ष अमिता गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन महिलाओं के सम्मान से समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर महिलाओं के सम्मान की अनदेखी करने का आरोप लगाया।महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रूपम सिंह ने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान और उनकी राजनीतिक भागीदारी को महत्व देती है। उन्होंने कांग्रेस की राजनीति की आलोचना करते हुए भाजपा की विकास केंद्रित नीतियों का उल्लेख किया।प्रदर्शन में महिला मोर्चा की क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विजयलक्ष्मी मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष किरन जायसवाल, मोतीचक ब्लॉक प्रमुख अर्चना प्रदीप सिंह, सुकरौली ब्लॉक प्रमुख रंजना पासवान, रामकोला नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता चौधरी और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शिवकुमारी देवी सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने मामले पर अपना विरोध जताते हुए राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग दोहराई।