news-details

राजस्थान दौरे पर पीएम मोदी

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS जोधपुर/बालोतरा। प्रधानमंत्री Narendra Modi शनिवार को राजस्थान दौरे पर हैं। सुबह करीब 10:40 बजे जोधपुर पहुंचने के बाद उन्होंने जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया और 'उड़ान-2.0' पहल की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने नए टर्मिनल का निरीक्षण किया तथा परियोजना की प्रस्तुति भी देखी। इसके बाद प्रधानमंत्री बालोतरा जिले के पचपदरा पहुंचे, जहां उन्होंने रिफाइनरी के कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और विशेषज्ञों से परियोजना की प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद वे पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे तथा वर्चुअल माध्यम से जयपुर मेट्रो फेज-2 की आधारशिला भी रखेंगे। प्रधानमंत्री लगभग दो घंटे तक रिफाइनरी परिसर में रहेंगे और जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के लिए रिफाइनरी परिसर में करीब पांच हजार लोगों की क्षमता वाला विशेष डोम तैयार किया गया है। गौरतलब है कि इसी वर्ष 20 अप्रैल को रिफाइनरी की क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) और वैक्यूम डिस्टिलेशन यूनिट (VDU) में आग लगने की घटना के कारण उद्घाटन कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। अब सभी सुरक्षा और तकनीकी तैयारियां पूरी होने के बाद परियोजना का उद्घाटन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पचपदरा में साइकिल रैली निकालकर उनका स्वागत किया, जबकि कार्यक्रम स्थल और प्रमुख मार्गों पर विशेष सजावट की गई है। शुक्रवार शाम आई तेज आंधी और बारिश से कुछ होर्डिंग और बैनर क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिन्हें रात में ही ठीक कर दिया गया। प्रधानमंत्री के इस दौरे को राजस्थान के बुनियादी ढांचे, ऊर्जा क्षेत्र और परिवहन विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।