
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। सोशल मीडिया के लिए रील बनाने का जुनून एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। सचेंडी थाना क्षेत्र में रील शूटिंग के दौरान अनियंत्रित होकर पलटी कार के नीचे दबने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके चार दोस्त घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।यह हादसा शुक्रवार देर शाम बछाऊपुर मोड़ के पास हुआ। मृतक की पहचान झकरा संभरपुर गांव निवासी सौरभ कुशवाहा (18) के रूप में हुई है। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।परिजनों के अनुसार, सौरभ शुक्रवार को नेवी की परीक्षा देकर घर लौटा था। रात करीब आठ बजे उसके चार दोस्त जन्मदिन मनाने के बहाने उसे अपने साथ ले गए। सभी युवक एक्सयूवी 3XO कार में सवार होकर रील बना रहे थे। बताया गया कि सौरभ सनरूफ पर बैठा था, जबकि उसके दोस्त कार के अंदर थे।रील शूटिंग के दौरान रैकेपुर-बछाऊपुर मार्ग पर एक मोड़ के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। हादसे में सौरभ कार से नीचे गिर गया और वाहन उसके ऊपर पलट गया। वहीं, कार में सवार चारों युवक अंदर फंस गए।चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कार को सीधा कर युवकों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सौरभ को मृत घोषित कर दिया।परिजनों का आरोप है कि रील बनाने और स्टंट करने के दौरान लापरवाही बरती गई, जिसके कारण सौरभ की जान चली गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।