
PARDARSHI VIKASH NEWS राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोपों की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) की जांच में करीब 150 संदिग्धों के नाम सामने आने की बात कही जा रही है। इनमें से लगभग 25 लोगों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। SIT जिन लोगों से पूछताछ कर चुकी है, उन्हें जांच पूरी होने तक बाहर न जाने की हिदायत दी गई है।शनिवार को SIT जांच के छठे दिन भी राम मंदिर पहुंची। टीम ने मंदिर परिसर में कई घंटे तक जांच की और कर्मचारियों व अधिकारियों से पूछताछ की। जांच पूरी करने के बाद SIT के लखनऊ लौटने की संभावना है। माना जा रहा है कि जल्द ही रिपोर्ट शासन को सौंपी जा सकती है।सूत्रों के अनुसार, मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा और निर्माण प्रभारी गोपाल राव से भी टीम ने पूछताछ की है। इनके खिलाफ आगे की कार्रवाई को लेकर चर्चा चल रही है।चढ़ावा चोरी मामले में अब तक पांच आरोपियों की निशानदेही पर करीब 2 करोड़ रुपये की बरामदगी का दावा किया गया है। जांच एजेंसी ने मंदिर में दान राशि की गिनती से जुड़े कर्मचारियों से भी पूछताछ की है।मामला तब सामने आया जब मंदिर में चढ़ावे को लेकर आरोप लगाए गए। इसके बाद जांच की मांग उठी और SIT का गठन किया गया। ट्रस्ट की ओर से आरोपों को लेकर पहले सफाई दी गई थी।SIT अब बैंक रिकॉर्ड, CCTV फुटेज, कर्मचारियों की भूमिका और दान राशि से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।