
PARDARSHI VIKASH NEWS दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल शुक्रवार सुबह रामलला के दर्शन-पूजन के लिए अयोध्या पहुंचे। दर्शन से पहले उन्होंने राम मंदिर में चढ़ावे और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर ट्रस्ट पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह भगवान राम के धन में कथित चोरी के विरोध में रामलला के दर्शन करने आए हैं। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि मंदिर में भगवान की पादुका, माला और आभूषण तक चोरी होने के आरोप सामने आए हैं, जिससे हर रामभक्त की भावनाएं आहत हुई हैं। इससे पहले गुरुवार शाम अयोध्या पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और उन्होंने संगठन के नेताओं के साथ बैठक कर राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने तीन दिन पहले जारी वीडियो संदेश का जिक्र करते हुए दावा दोहराया कि मंदिर से करोड़ों रुपये के नकद और बहुमूल्य आभूषण गायब हुए हैं। उन्होंने ट्रस्ट के तत्कालीन महासचिव चंपत राय की भूमिका पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। केजरीवाल ने यह भी कहा कि इतने गंभीर आरोपों के बावजूद जिम्मेदार लोगों पर तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं हुई। राम मंदिर से जुड़े कथित विवाद के बीच उनका यह दौरा राजनीतिक और धार्मिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।