news-details

रामलीला मंचन में झूम उठा हेतिमपुर

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो देवरिया
जनपद के हेतिमपुर आदर्श नगर पंचायत स्थित वार्ड संख्या 11 शहीद चंद्रशेखर आजाद नगर (मठिया) में ॐ शिव शक्ति संकट मोचन मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ के चौथे दिन भक्ति, आस्था और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। अयोध्या धाम से आए रामलीला कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सीता स्वयंवर, राम-सीता विवाह एवं परशुराम-लक्ष्मण संवाद का जीवंत मंचन देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। पूरा परिसर देर रात तक “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंजता रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं चार बार के जिला पंचायत सदस्य रहे कमलेश पाण्डेय, सभासद मैना सिंह, काशीनाथ मौर्य तथा परमहंस सिंह ने फीता काटकर किया। आयोजक मंडली द्वारा अतिथियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया।मुख्य अतिथि कमलेश पाण्डेय ने कहा कि सनातन धर्म सदैव मानवता, सद्भावना और विश्व कल्याण का संदेश देता आया है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सांस्कृतिक चेतना का संचार होता है। वहीं सभासद मैना सिंह ने प्रभु श्रीराम के जीवन को मर्यादा, त्याग और आदर्शों की सर्वोच्च मिसाल बताते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने की अपील की।रामलीला मंचन में मिथिला नरेश जनक की सभा का दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा। बड़े-बड़े राजा-महाराजा शिव धनुष को उठाने में असफल रहे तो राजा जनक निराश हो उठे। तभी गुरु विश्वामित्र की आज्ञा पाकर भगवान श्रीराम ने सहज भाव से शिव धनुष उठाकर भंग कर दिया। धनुष टूटने की गर्जना सुन क्रोधित ऋषि परशुराम सभा में पहुंचे, जिसके बाद लक्ष्मण और परशुराम के बीच हुए तीखे संवादों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। अंत में राम-सीता विवाह का दिव्य मंचन हुआ, जहां श्रद्धालु मांगलिक गीतों पर झूमते नजर आए।महायज्ञ में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिक्रमा, आरती एवं यज्ञ-हवन में भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित कर रहे हैं। आयोजक संजय उर्फ पप्पू तिवारी ने बताया कि क्षेत्रवासियों का भरपूर सहयोग और आशीर्वाद महायज्ञ को सफल बना रहा है।इस दौरान संजय तिवारी, तामेश्वर मणि, शैलेश सिंह, संतोष गुप्ता, सन्नी सिंह, हितेश पटेल, अभिलेश सिंह, जयप्रकाश सिंह, विनोद सिंह सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।