
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।वहीं, शाम के समय प्रतिमा स्थल पर पर्याप्त सजावट और लाइटिंग व्यवस्था नहीं होने को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। राष्ट्रीय निषाद संघ के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश नाथ निषाद और अखिल भारतीय लोधी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं एटा सदर विधायक विपिन कुमार वर्मा डेविड अपने समर्थकों के साथ शाम करीब सात बजे प्रतिमा स्थल पहुंचे। उनका आरोप है कि मौके पर अंधेरा था और वीरांगना की प्रतिमा उपेक्षित नजर आई।कैलाश नाथ निषाद ने कहा कि रानी अवंतीबाई लोधी ने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए मातृभूमि के लिए अपना बलिदान दिया था। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानी की प्रतिमा पर राष्ट्रीय पर्व और जयंती के अवसर पर उचित सजावट एवं प्रकाश व्यवस्था होनी चाहिए।उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी भवनों और महापुरुषों की प्रतिमाओं पर विशेष अवसरों पर सजावट की जाती है, लेकिन रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा पर व्यवस्था का अभाव चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन से भविष्य में ऐसे अवसरों पर प्रतिमा स्थल की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।