
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी।मेजर ध्यानचंद जी की जयंती (29 अगस्त) के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अंतर्गत जनपद अमेठी में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी जिला खेल कार्यालय, अमेठी द्वारा दी गई है। उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा ने बताया कि खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, खेल भवन लखनऊ के निर्देशानुसार डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम, अमेठी में खिलाड़ियों के लिए विशेष खेल आयोजनों की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम के तहत 29 अगस्त को प्रातः 10 बजे मेजर ध्यानचंद जी के जन्मदिवस पर जिला स्तरीय अंडर-14 बालक वर्ग हॉकी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त 30 अगस्त 2026 को प्रातः 6 बजे ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पुरुष एवं महिला वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, फिटनेस तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।उपक्रीड़ाधिकारी ने जनपद के समस्त विद्यालयों के खिलाड़ियों एवं स्थानीय खिलाड़ियों से अपील की है कि वे प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने हेतु निर्धारित तिथि से एक दिन पूर्व जिला खेल कार्यालय, अमेठी में अपना पंजीकरण अवश्य करा लें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले ये कार्यक्रम खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेंगे तथा खेलों के प्रति युवाओं की रुचि को और अधिक प्रोत्साहित करेंगे।