
पारदर्शी विकास न्यूज़ रुड़की। उत्तर प्रदेश के 75 जिलों और उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के युवाओं के लिए अग्निवीर भर्ती रैली 5 अक्टूबर से रुड़की में शुरू होगी। भर्ती वर्ष 2027 के लिए आयोजित की जा रही है। इसमें अग्निवीर क्लर्क-एसकेटी, जीडी, टेक्निकल और ट्रेड्समैन पदों पर भर्ती होगी। रैली में वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने 1 से 12 जून 2026 के बीच आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (CEE) पास किया है। सेना ने अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड में दी गई तारीख और समय के अनुसार भर्ती स्थल पर पहुंचने की सलाह दी है। उन्हें अधिसूचना में बताए गए सभी मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे। कानपुर नगर के अभ्यर्थियों की भर्ती 11 अक्टूबर को होगी, जबकि 10 अक्टूबर को कानपुर देहात, लखनऊ, उन्नाव समेत 11 जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे।सेना ने अभ्यर्थियों को दलालों, एजेंटों और बिचौलियों से सावधान रहने की अपील की है। भर्ती प्रक्रिया योग्यता के आधार पर निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होगी। सेना ने स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित नहीं कर सकता। पैसे देकर भर्ती कराने के झांसे में न आने की सलाह दी गई है।