
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। दशहरा, करवा चौथ और दीपावली जैसे त्योहार नजदीक हैं, लेकिन परिषदीय विद्यालयों में तैनात रसोइयों को बढ़ा हुआ मानदेय नहीं मिल सका है। वहीं, मध्याह्न भोजन योजना की कन्वर्जन कास्ट का भुगतान भी चार महीने से लंबित है। रसोइया जन कल्याण समिति और उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने त्योहार से पहले भुगतान कराने की मांग की है।रसोइया जन कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश कुमार ने बताया कि 22 अगस्त को जारी शासनादेश के अनुसार रसोइयों को तीन हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलना चाहिए, लेकिन सितंबर में केवल दो हजार रुपये का भुगतान किया गया। उन्होंने सभी जिलों में बढ़े हुए मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।उधर, कन्वर्जन कास्ट न मिलने से विद्यालयों के प्रधानाध्यापक परेशान हैं। शिक्षक संघ के प्रांतीय मंत्री अब्दुल रसीद ने खाद्यान्न और कन्वर्जन कास्ट का भुगतान हर महीने करने तथा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। जिला समन्वयक मध्याह्न भोजन योजना अरुण त्रिपाठी ने बताया कि रसोइयों के मानदेय और कन्वर्जन कास्ट भुगतान की पत्रावली अनुमोदन की प्रक्रिया में है।