
पारदर्शी विकास न्यूज़, वाराणसी। राजर्षि स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (RSMT), वाराणसी में नंदी फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित छह दिवसीय रोजगार योग्यता एवं सॉफ्ट स्किल्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को समापन हुआ। अंतिम वर्ष की छात्राओं के लिए आयोजित प्रशिक्षण का उद्देश्य उन्हें रोजगार के लिए आवश्यक कौशल और कॉर्पोरेट जगत की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को रोजगार के अवसर, प्रभावी संचार, साक्षात्कार तकनीक, समूह चर्चा, टीमवर्क, व्यक्तित्व विकास और कार्यस्थल पर अपेक्षित व्यवहारिक कौशल की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
कार्यक्रम का संचालन कॉर्पोरेट प्रशिक्षक अरुनीश रावत ने किया। उन्होंने थिएटर आधारित शिक्षण, रोल प्ले, रचनात्मक गतिविधियों, समूह अभ्यास और मॉक इंटरव्यू के माध्यम से छात्राओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
संस्थान की ओर से बताया गया कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान के साथ उद्योग जगत की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने में मदद करते हैं। संस्थान भविष्य में भी रोजगारपरक एवं कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित करेगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. सी.पी. सिंह, डॉ. प्रीति सिंह और उनकी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। निदेशक प्रभारी प्रो. (डॉ.) अमन गुप्ता ने नंदी फाउंडेशन, प्रशिक्षक अरुनीश रावत और सभी सहयोगी संकाय सदस्यों के प्रति आभार जताया।