
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह कानपुर-सागर हाईवे पर भारी जाम लग गया। सुबह करीब नौ बजे वाहनों का दबाव बढ़ने के साथ ही बिनगवां से बिधनू तक करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग घंटों तक फंसे रहे। जाम के कारण स्कूल जाने वाले बच्चे, दफ्तर जाने वाले कर्मचारी और एंबुलेंस तक प्रभावित हुईं। हाईवे पर ट्रक और कंटेनरों की लंबी लाइन लगने से यातायात पूरी तरह धीमा पड़ गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद एक-एक कर वाहनों को निकलवाया और ट्रैफिक व्यवस्था बहाल कराई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, अचानक बढ़े वाहन दबाव, अव्यवस्थित खड़े वाहन और धीमी रफ्तार जाम की मुख्य वजह रहे। घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि सुबह के समय हाईवे पर वाहनों का दबाव अधिक रहता है, जिसके चलते रमईपुर और बिनगवां क्षेत्र में जाम की स्थिति बन जाती है। फिलहाल यातायात सुचारू करा दिया गया है।