
PARDARSHI VIKASH NEWS वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षाओं से जुड़ी समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विश्वविद्यालय परिसर में कंट्रोल रूम स्थापित किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार परीक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष टीम तैनात की गई है।केंद्राध्यक्ष डॉ. रविशंकर पांडेय ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर सहित सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही हैं। अब तक किसी भी केंद्र से अव्यवस्था या गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली है।परीक्षा नियंत्रक दिनेश कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में स्थापित 370 परीक्षा केंद्रों पर करीब 35,175 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा संबंधी शिकायतों और समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए विश्वविद्यालय के प्रेस विभाग में नियंत्रण कक्ष बनाया गया है।विश्वविद्यालय की वार्षिक एवं सेमेस्टर परीक्षाएं 28 मई से शुरू हो चुकी हैं, जिनमें विभिन्न पाठ्यक्रमों के नियमित, व्यक्तिगत, भूतपूर्व, श्रेणी सुधार एवं एकविषयक विद्यार्थी शामिल हैं। परीक्षा कार्यक्रम 9 जून तक चलेगा।प्रशासन ने सभी केंद्राध्यक्षों को पारदर्शिता और शुचिता के साथ परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा नियंत्रक ने स्पष्ट किया कि किसी भी केंद्र पर अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।